UPfinance45

Jan 03 2025, 19:09

सीएम योगी का सटीक निशाना, पहली ही बार ‘बुल्स आई’

गोरखपुर, 3 जनवरी। गोरखपुर के भाटी विहार कॉलोनी में नवनिर्मित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके शूटिंग रेंज में राइफल से लक्ष्य पर निशाना भी साधा। उनकी सटीक निशानेबाजी देख साथ में मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। मुख्यमंत्री ने पहली ही बार में ‘बुल्स आई’ टारगेट कर दिया, यानी सौ फीसद सटीक लक्ष्य पर ही निशाना। 

मुख्यमंत्री की खेलों के प्रति खासी दिलचस्पी है। इसमें भी पारंपरिक भारतीय खेलों के साथ निशानेबाजी से उनका लगाव कई बार सार्वजनिक देखा जाता है। जब भी वह सैन्य प्रदर्शनियों और खेल एकेडमी या खेल केंद्रों में जाते हैं तो निशानेबाजी के अभ्यास से खुद को नहीं रोक पाते। शुक्रवार को गोरखपुर के भाटी विहार कॉलोनी में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री जब मल्टीपर्पज हाल में बने शूटिंग रेंज में आए तो उन्होंने दस मीटर रायफल शूटिंग के रेंज पर निशानेबाजी में हाथ आजमाया। उनका पहला शॉट ही बुल्स आई रहा। उनके सटीक निशाने पर वहां मौजूद सभी लोग आश्चर्य चकितहोकर मुस्कराने लगे। 

UPfinance45

Jan 03 2025, 13:28

रुद्राभिषेक कर सीएम योगी ने की राष्ट्र कल्याण की कामना

गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातः बेला में गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पौष माह की शुक्ल पक्ष चतुर्थी (विनायक चतुर्थी) के मान में हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान की पूर्णता सीएम योगी ने हवन करके की। 

गोरखनाथ मंदिर स्थित पीठाधीश्वर आवास के प्रथम तल पर शक्तिपीठ में सीएम योगी ने देवाधिदेव महादेव को विल्व पत्र, कमल पुष्प, दूर्वा, अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने कर बाद दूध, दही, घी, शर्करा और कई तीर्थ स्थलों के पवित्र जल से रुद्राभिषेक किया। मठ के विद्वत पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि विधान से पूर्ण हुए अनुष्ठान के उपरांत उन्होंने भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना और समस्त नागरिकों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की। 

UPfinance45

Jan 03 2025, 13:27

जनता की समस्याओं पर तत्काल हो कार्रवाई : सीएम योगी



गोरखपुर। शुक्रवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नए साल के पहले जनता दर्शन में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित व संतुष्टिपरक समाधान का भरोसा दिया। सबको आश्वस्त किया कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। 

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए इस बार जनता दर्शन का आयोजन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक फरियादी से मिले। 

मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि कोई किसी की भूमि पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसे कानून सम्मत सबक सिखाया जाए।
 
गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। शुक्रवार सुबह भी वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए गोवंश को उनके नामों से पुकारा। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी ली और ठंड के मौसम में विशेष देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए। 

UPfinance45

Jan 03 2025, 10:02

आजमगढ़::विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग द्वारा गौशाला पर बांटे गए बोरे से बने हुए वस्त्र

उपेन्द्र कुमार पांडेय 


आजमगढ़:: सठियाँव ब्लॉक के शाहगढ स्थित गोवंश आश्रय स्थल में बीडीओ सठियाँव कविता त्रिपाठी, एडीओ पंचायत एवं ग्राम प्रधान सरोज मौर्या की उपस्थिति में विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग द्वारा शाहगढ गौशाला पर गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए बोरे वितरित किए गए।

इस अवसर पर गौमाता की जय के नारे लगाते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने गौमाता एवं सभी गोवंशो को गुड़ खिलाया और वस्त्र ओढ़ाये।गोरक्षा विभाग के प्रान्त संयोजक गौरव रघुवंशी नेi बताया की विहिप गोरक्षा विभाग गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त प्रमुख श्री सतीश राय जी के निर्देशानुसार गोरक्षा विभाग द्वारा निराश्रित गोवंश को ठंड से बचाने के लिए यह अभियान प्रारंभ किया गया है इस दौरान जिले भर में गोरक्षा कार्यकर्ताओं द्वारा 1 हजार से अधिक बोरे से बने वस्त्र गौशालाओं को वितरित किए जायेंगे एवं हम समाज से भी आग्रह करते हैं की अपने आसपास की गौशालाओं पर अपनी क्षमतानुसार सहयोग करें ताकि किसी भी गोवंश की जान ठंड लगने से ना जाए।

इस अवसर पर विहिप गोरक्षा प्रान्त संरक्षक अशोक अग्रवाल, प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय सोनू, प्रान्त उपाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, कुंवर गजेंद्र, प्रशांत सिंह, उत्कर्ष सिंह, राघवेंद्र मिश्रा लड्डू, किशन मोदनवाल, प्रभात सिंह, अंकुर गुप्ता, वीरेंद्र मौर्या, मकरध्वज यादव, सूर्यप्रकाश मोदनवाल, विजय कुमार, दिनेश मौर्या, चंद्रिका राम, संतोष मौर्या, अखिलेश, हरिराम समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

UPfinance45

Jan 03 2025, 10:01

राष्ट्र सेविका समिति गोरक्षप्रांत की ओर से सात दिवसीय प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का पथ संचलन निकाला गया

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़:: राष्ट्र सेविका सीमित गोरक्ष प्रांत इकाई द्वारा सात दिवसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।इस मौके पर नगर जगह जगह राष्ट्र सेविका समिति की बहनों का पुष्पवर्षा करके स्वागत किया गया। राष्ट्र सेविका समिति गोरक्षप्रांत के आर्यमगढ़ की  विभाग कार्यवाहिका और जिला कार्यवाहिका के नेतृत्व में पथ संचलन गुरुवार को डीएवी इंटर कॉलेज से निकलकर अग्रसेन चौक होते हुए मातबरगंज, पुरानी कोतवाली दलाल घाट शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस  डीएवी इंटर कॉलेज पहुंचकर सम्पन्न हुआ। राष्ट्र सेविका समिति गोरक्षप्रांत द्वारा 28 दिसंबर से 3 जनवरी तक सात दिवसीय प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का आयोजन शेखर सोशल महिला महाविद्यालय सम्मोपुर आर्यमगढ में चलेगा। प्रशिक्षण वर्ग में  प्रांत की कुल 150 बहनें प्रशिक्षण ले रही हैं।

 इसमें 25 शिक्षिका एवं 28 व्यवस्था प्रमुख बहनें शामिल हैं। वर्ग में सेविकाओं को दंड संचालन, नियुद्ध, गणसमता के प्रशिक्षण के साथ योगासन, आत्मरक्षा व बौद्धिक कार्यक्रम भी हो रहा है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का उद्देश्य नारी को अपनी शक्ति की अनुभूति कराना है। खेल, व्यायाम, योगासन और प्रेरक कहानियों का प्रभाव स्वयंसेविकाओं के मन पर पड़ता है। इससे उनके व्यक्तित्व का विकास होता है। शोभायात्रा में इस वर्ग की वर्गाधिकारी अमिता तिवारी, विभाग कार्यवाहिका डा. वंदना त्रिपाठी, जिला कार्यवाहिका अंकिता सिंह, शुभ्रा, विभाग प्रचारक, जिला प्रचारक, अरुण पाल, अजय अग्रवाल, रित्विक जयसवाल, अभय दत्त गोंड, शैलेंद्र अग्रवाल, सत्य विजय राय सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समस्त पदाधिकारी व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।  

UPfinance45

Jan 02 2025, 20:26

ब्रजेश पाठक की बड़ी कार्रवाई, हटाए गये अयोध्या मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य

लखनऊ। भ्रष्टाचार के आरोप में अयोध्या के राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को पद से हटा दिया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही संविदा पर तैनात लिपिक की मौत के मामले की भी जांच कराई जाएगी। पीड़ित के परिवार ने प्रधानाचार्य पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अयोध्या मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य के प्रकरण को गंभीरता से लिया है। जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए डिप्टी सीएम ने कार्रवाई की है। डिप्टी सीएम ने बताया कि कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार को पद से हटा दिया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है। डॉ. ज्ञानेन्द्र की प्रताड़ना से संविदा लिपिक प्रभुनाथ मिश्र की मृत्यु के आरोपों की भी जाँच करायी जायेगी।

कमीशन की मॉंग के लगे हैं आरोप

अयोध्या के प्रधानाचार्य की लगातार गम्भीर शिकायतें हुई। उन पर पूर्व अनुमोदित फर्मों से क्रय की गयी औषधियों, हाउस कीपिंग, बायोमेडिकल वेस्ट, मरीजों का खाने आदि का भुगतान न करते हुए लम्बित बिलों का भुगतान करने में कमीशन की मॉग के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद शासन ने 17 मई 2024 को अपर निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की अध्यक्षता में वित्त नियंत्रक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण लखनऊ व अपर जिलाधिकारी (एफ०आर०), अयोध्या की त्रिसदस्यीय समिति गठित की गयी थी। कमेटी ने जांच कर आख्या लोकायुक्त को निर्णय के लिए 23 सितंबर 2024 को प्रेषित कर दी थी। 

UPfinance45

Jan 02 2025, 16:54

प्रमोशन घोटाले में आरोपों से मंत्री आशीष पटेल नाराज, एसटीएफ पर लगाये आरोप   

लखनऊ। उप्र प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमोशन घोटाला में आरोपों से घिरे हुए मंत्री आशीष पटेल नाराज हो गये। मंत्री आशीष पटेल ने गुरूवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान धरना मास्टर पल्लवी पटेल धरने पर बैठी थी। वहां यूपी एसटीएफ के दो आदमी धरने के दौरान मौजूद थे, जब वहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। यूपी एसटीएफ पैर पर गोली मारा करती है, उनसे कहना चाहता हूं कि दम है तो आशीष पटेल के सीने में गोली मारकर दिखाये।

मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी की अध्यक्ष एवं विधायक पल्लवी पटेल के धरने के पीछे साजिश षड़यंत्र हुआ है। षड़यंत्र से इन्कार नहीं किया जा सकता है। जब इस तरह के षड़यंत्र हो रहे हैं तो उनकी जान को खतरा है यह कहना गलत नहीं है। उन्हें वाई या जेड सुरक्षा नहीं चाहिए, उनके कार्यकर्ता ही उनकी सुरक्षा कर लेगें। लेकिन षड़यंत्र स्वरूप उनको मारने की भी साजिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष ने षड़यंत्र की बात पर आगे कहा कि कुछ समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों पर उनके विरूद्ध घोटाले का आरोप लगाने के समाचार को प्राथमिकता के साथ दिखाया गया है। इसमें संबंधित विभाग की ओर से कोई टिप्पणी भी नहीं की जा रही है। सत्तरह सौ करोड़ रूपये खर्च कर के न्यूज चलवायी जा रही है तो उनके मान मर्दन का जवाब ईंट के मुकाबले पत्थर से दिया जायेगा। 

UPfinance45

Jan 02 2025, 16:53

षड़यंत्रों का जवाब संगठन को मजबूत कर देगा अपना दल :अनुप्रिया पटेल

लखनऊ। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को और भी मजबूती से अपना दल लड़ेगा। अपना दल अपने खिलाफ हो रहे षड़यंत्रों का जवाब संगठन को मजबूत कर देगा। अपना दल नये वर्ष में संगठन को मजबूत करेगा और कार्यकर्ताओं के बल पर बड़े मुकाम हासिल करेगा।

केन्द्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने लखनऊ में आयोजित अपना दल कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि अपना दल के किसी नेता कार्यकर्ता के प्रतिष्ठा पर आंच आयेगी तो हम समझौता नहीं करेगें। अपना दल के विरूद्ध षड़यंत्र कहां से चल रहे हैं, एक एक कार्यकर्ता अच्छे से जानते है। षड़यंत्र करने वाली ताकतें कान खोलकर सुन लें, षड़यंत्रों में पड़ कर अपना दल सामाजिक न्याय का विषय उठाना छ़ोड़ देगा। यह होने वाला नहीं है।

इस अवसर पर अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश अध्यक्ष ने अपना दल कमेरादल छोड़कर आये लाल जी पटेल, फूलचंद्र सरोज सहित तमाम नेताओं को अपना दल सोनेलाल की सदस्यता दिलायी। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने नये सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आपका अपने पुरानी जगह और सोनेलाल की पार्टी में स्वागत है। आप का समय अनमोल है, श्रम महत्वपूर्ण हैं। 

UPfinance45

Jan 02 2025, 16:53

उप्र में पछुआ हवाओं से धड़ाम हुआ पारा, सिहर उठे लोग

कानपुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं का असर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को अचानक पारा धड़ाम हो गया और कानपुर में 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। यही हाल लगभग पूरे प्रदेश का रहा। मौसम विभाग का कहना है कि बर्फबारी होने से आगामी दिनों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एस एन सुनील पांडे ने गुरुवार को बताया कि पहाड़ों पर इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ जबरदस्त सक्रिय है। इनकी वजह से जमकर बर्फबारी हो रही है। पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के गंगा के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रही हैं। इन सर्द भरी हवाओं से कानपुर का तापमान न्यूनतम तापमान बुधवार को 10 डिग्री सेल्सियस था, वह आज 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अचानक 5 डिग्री सेल्सियस तापमान कम होने से सिहरनभरी सर्दी बढ़ गई और लोग कांप उठे।

 इसके साथ ही आसमान में कोहरा छाया रहा और दृश्यता भी 2 किलोमीटर की बजाय 400 मीटर तक ही सीमित रही। इससे हाईवे व सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। उन्हाेंने आगे बताया कि आगामी दिनों में जिस प्रकार पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उससे पूरी संभावना है कि शीतलहर अपना रौद्र रूप दिखाएगी। ऐसे में शीतलहर से बचने के लिए खासकर बुजुर्ग लोग घरों पर ही रहें और अलाव का सहारा लें। इसके साथ ही सुबह शाम की सैर करना इन दिनों नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि यह सर्दी या शीतलहर फसलों के लिए खासकर गेहूं की फसल को बहुत लाभकारी होगी। वहीं आलू और सरसों की फसल में माहू रोग लगने की आशंका है। ऐसे में किसान भाई दवाओं का छिड़काव करें। 

UPfinance45

Jan 02 2025, 11:53

आखिर थाने के सामने महिलाओं ने क्यों किया प्रदर्शन, जानिए पुलिस ने किया कौन सा कारनामा 

महेश चंद्र गुप्ता

बहराइच जनपद के सुजौली थाना क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने सुजौली थाने के बाहर खड़े होकर थाने के सामने हाथ उठाकर प्रदर्शन किया है। यह महिलाएं पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज हैं और आक्रोश दिखाने के लिए थाने के आगे हाथ उठाकर प्रदर्शन कर रही हैं जिसका कारण यह है कि उनके गांव में पुलिस बिना महिला कांस्टेबल के पहुंची और जबरदस्ती लोगों के घर में घुसकर छानबीन करने लगी और ग्रामीणों पर अवैध शराब के कारोबार का आरोप लगाते हुए गहन तलाशी की इससे नाराज होकर महिलाओं ने सुजौली थाने के बाहर खड़ी होकर प्रदर्शन किया है।

दरअसल जनपद बहराइच के थाना सुजौली क्षेत्र में बुधवार को दो दर्जन से अधिक महिलाएं थाने पहुंच गईं जहां थाने के सामने एकत्रित होकर महिलाओं ने हाथ उठाकर प्रदर्शन कर पुलिस के रवैया पर नाराजगी जाहिर की है। थाने पहुंची महिलाओं में ज्योति ने बताया कि पुलिस उनके गांव ग्राम पंचायत कारीकोट के थारू पूरवा लोहरा में मंगलवार की रात 10:30 बजे पहुंची जिसमें पुलिस के चार जवान मौजूद थे जो उनके घर में घुसकर छानबीन करने लगे और अवैध शराब के आरोप में उनके पिता रामप्रसाद को पड़कर थाने ले गए।

 प्रदर्शन कर रही अन्य महिलाओं में नैना, नेहा, जुगरी, भागमानिया, जिया, रानी, आशा, रानी, गुड्डी आदि ने बताया कि पुलिस आधी रात में जबरन घर में घुस गई जिनके साथ कोई महिला कांस्टेबल भी नहीं थी। उनके द्वारा बताया गया कि वह अवैध शराब पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं। जनजाति महिलाओं का कहना है कि मेहमान व घर में कुछ बुजुर्गों के जरूरत के लिए शराब बनाना उनका सामुदायिक अधिकार है परंपरा है। इस पर पुलिस को जबरन पाबंदी नहीं लगानी चाहिए। जिसके जवाब में पुलिस क्षेत्राधिकार हीरालाल कनौजिया ने बताया कि पुलिस इन दिनों उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब बनाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है जिसके लिए छापेमारी की जा रही है। लेकिन बिना महिला का कांस्टेबल के महिलाओं के घर पर छापेमारी करने की बात पर वह कुछ नहीं बोले।