BiharFinancenews

Oct 22 2024, 19:19

मध्य प्रदेश के छतरपुर में मस्जिद के अंदर बम होने की सूचना से मचा हड़कंप, फिर सामने आई ये बात





डेस्क: मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक मस्जिद के अंदर बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। किसी अज्ञात शख्स ने मस्जिद में बम होने का एक पत्र छोड़ा था। इस मामले के सामने आने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची थी। लेकिन जो बात सामने आई, वो हैरान करने वाली है।

छतरपुर में मस्जिद में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। अज्ञात शख्स ने मस्जिद में बम होने की सूचना भरा पत्र छोड़ा था। जिसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मस्जिद परिसर में बम की तलाश में जुट गई। 

सीएसपी सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा था। हालांकि जांच में बम की सूचना की बात अफवाह निकली। बम होने का पत्र सिविल लाइन थाना के सुल्तानुल हिन्द मस्जिद में बम होने का खत मिला था।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (हथियार बनाने वाली कंपनी) में हालही में जबरदस्त धमाका हुआ था। जिले के खमरिया में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में ब्लास्ट से दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी जबकि 9 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार, कंपनी के एफ 6 सेक्शन में यह धमाका हुआ था। धमाका इतना तेज था कि बिल्डिंग का एक हिस्सा धराशायी हो गया था। मलबे में कई कर्मचारियों के दबे होने की खबर भी आई थी।

जानकारी के अनुसार, धमाके में इमारत का एक हिस्सा ढह गया और खबर है कि कई मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। प्रशासन प्रभावित लोगों की पहचान करने और उनकी मदद के लिए बचाव अभियान चला रहा है। इस दुखद दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत की पुष्टि की गई है और गंभीर रूप से घायल नौ अन्य का इलाज किया जा रहा है। आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंची हैं। विस्फोट की वजह अभी सामने नहीं आई है। 

BiharFinancenews

Oct 22 2024, 18:23

'बंटेंगे तो कटेंगे...', महाराष्ट्र की सड़कों पर सीएम योगी की फोटो के साथ लगे बैनर, जानें क्या बोले मुख्तार अब्बास नकवी


  
डेस्क: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। यहां 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को चुनाव होना है। चुनाव से पहले सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रचार अभियान में जुट गए हैं। इस बीच मुंबई की सड़कों पर सीएम योगी के बैनर देखें गए हैं। इन बैनर्स पर सीएम योगी की तस्वीर के साथ स्लोगन भी लिखा हुआ है। स्लोगन में लिखा हुआ है, 'बंटेंगे तो कटेंगे'। वहीं मुंबई में लगे इन बैनर्स को लेकर बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि इसका संबंध आजादी के समय हुए बंटवारे से है।
  

  
बताया जा रहा है कि मुंबई की सड़कों पर ये बैनर बीजेपी कार्यकर्ता के द्वारा लगवाए गए हैं। बीजेपी के एक कार्यकर्ता विश्वबंधु राय ने ये बैनर्स लगवाए हैं। इसे महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बैनर पर सीएम योगी की तस्वीर भी लगी हुई है। इसके अलावा इसपर स्लोगन लिखा हुआ है, 'बंटेंगे तो कटेंगे'। बैनर पर आगे लिखा है, 'योगी संदेश... एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे'। वहीं इस यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ स्लोगन लिखे ये बैनर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
  

  
मुंबई की सड़कों पर लगे इन बैनर्स के लेकर बीजेपी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले बैनर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, 'जब भारत को आजादी मिली, तो विभाजन हुआ। उसके बाद, लोगों ने विभाजन की भयावहता देखी। यह ('बटेंगे तो कटेंगे') के पीछे का निष्कर्ष और मूल भाव यह है कि इसकी पुनरावृत्ति न हो।' 
  

  
बता दें कि महाराष्ट्र में इस बार एक ही चरण में वोटिंग होनी है। वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार पूरे जोर-शोर से किया जा रहा है। इस बीच कार्यकर्ता भी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं अब सीएम योगी की तस्वीर के साथ स्लोगन लिखे बैनर सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में इसपर बहस छिड़ गई है। 

BiharFinancenews

Oct 22 2024, 15:46

सीएम मोहन यादव की बड़ी पहल, मध्य-प्रदेश
सरकार करेगी नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं के बच्चों की परवरिश




डेस्क: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने एक बड़ी पहल शुरू की है। मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं के लिए नई पहल का ऐलान किया गया है। अब राज्य सरकार की ओर से नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं के बच्चों की परवरिश की जाएगी। कैबिनेट की बैठक में इसे लेकर प्रस्ताव भी पास हो गया है।

दरअसल, मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं और उनसे जन्मे बच्चों के पुनर्वास और कल्याण के लिए नई योजना शुरू करने जा रही है। योजना के तहत दुष्कर्म पीड़िताओं से जन्मे बच्चों को एक ही जगह पर स्वास्थ्य सुविधाएं परवरिश शिक्षा पुलिस सहायता और काउंसलिंग जैसी सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना के तहत हर जिले को 10 लाख रुपए का फंड जारी किया जायेगा।

कैबिनेट द्वारा पास प्रस्ताव के तहत पास्को  अधिनियम 2012 के तहत पीड़ितों की देखभाल और सहायता के लिए यह योजना बनाई जा रही है इस योजना के उद्देश्य है पीड़ित नाबालिग गर्भवती बालिका को एक ही जगह एकीकृत सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करना। पीड़िता को तत्काल आपातकालीन और गैर आपातकालीन सेवाएं प्रदान करना और दीर्घकालिक पुनर्वास के लिए विभिन्न सुविधाएं शिक्षा पुलिस सहायता चिकित्सा प्रदान करना।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने बताया स्कीम फ़ॉर पास्को 18 साल से कम उम्र की बच्चियों के साथ जो दुष्कर्म हो जाता है जिसके चलते वह प्रेग्नेंट भी हो जाती हैं फिर उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है हर जिले में 10 लख रुपए देने का निर्णय आज हुआ है फिर उसमें आइडेंटिफिकेशन के बाद जो जो भी सहायता होगी वह मदद की जाएगी बहुत संवेदनशील मुद्दे पर मोहन यादव सरकार ने यह निर्णय लिया। 

BiharFinancenews

Oct 17 2024, 16:08

राम गोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपी सरफराज का एनकाउंटर, नेपाल भागने की फिराक में था






डेस्क: उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी और हिंसा हुई थी। इस हिंसा में राम गोपाल मिश्रा नाम के युवक की हत्या भी कर दी गई थी। अब इस घटना में शामिल आरोपी सरफराज का एनकाउंटर हुआ है। वहीं, एक और आरोपी कमील को भी गोली लगने की खबर सामने आई है। फिलहाल दोनों आरोपी घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि रविवार को बहराइच में दुर्गा पूजा के मौके पर मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा भड़कने पर गोली लगने से 22 वर्षीय युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी और पथराव तथा गोलीबारी में करीब छह लोग घायल हो गए थे।

बहराइच हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद के दो बेटों मोहम्मद कमील और सरफराज को गोली लगी है। सीएससी अधीक्षक डॉक्टर चंद्रभान  के अनुसार एक आरोपी के दाहिने पैर में और दूसरे आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद आरोपियों को एंबुलेंस से बहराइच के लिए रवाना कर दिया गया है।

राम गोपाल मिश्रा की हत्या के बाद बहराइच में हिंसा फैल गई थी। भीड़ द्वारा बड़े स्तर पर तोड़फोड़ और आगजनी की गई। भीड़ ने घरों, दुकानों, शोरूम, अस्पतालों, वाहनों आदि में आग लगा दी जिसके बाद बहराइच पुलिस ने कई अज्ञात और कुछ नामजद लोगों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज कीं। पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर अब तक 55 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, बहराइच में हिंसा और राम गोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपी नेपाल भागने की फिराक में लगे हुए थे। इससे पहले बुधवार को यूपी पुलिस ने इस मामले के एक अन्य आरोपी दानिश को भी गिरफ्तार किया था। केस में चौथे नंबर पर नामजद मोहम्मद दानिश उर्फ राजा उर्फ साहिर को बुधवार शाम चार बजे राजी चौराहा से गिरफ्तार किया गया था। वह भी नेपाल भागने की फिराक में था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा की मौत सदमे और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। मिश्रा के शरीर पर 25 से 30 छर्रे लगे थे और उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतक राम गोपाल मिश्रा के परिजनों से मुलाकात की थी। सीएम योगी ने हत्या के दोषियों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को मदद देने का भी आश्वासन दिया था। 

BiharFinancenews

Oct 17 2024, 15:35

'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाने वाला फैजल बोला- नशे में वीडियो बना लिया, मुझे देश से बहुत प्यार है




डेस्क: पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाला फैजल अब हिंदुस्तान जिंदाबाद पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहा है। फैजल ने एक न्यूज चैनल से कहा "मेरा हिंदुस्तान जिंदाबाद है, जिंदाबाद रहेगा। पाकिस्तन मुर्दाबाद है, मुर्दाबाद रहेगा। उसने कहा "इससे मैं बहुत प्यार करता हूं। इसी में मरूंगा, इसी में जिऊंगा। इस धरती पर आया हूं, इसी में निशानी है। मजाक हो रहा था नशे में था, कुछ लोग वीडियो बना रहे थे, उन्होंने वीडियो वायरल कर दिया। लेकिन ऐसा कोई न करे, देश से मुझे बहुत प्यार है। सब कानून का पालन करें। मैं कानून का पालन करता हूं और सब कानून का पालन करते रहें।"

फैजल का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह देश विरोध नारे लगा रहा था। इसके बाद उसे जेल हुई तो अकल ठिकाने आई। उसे इस शर्त पर जमानत मिली है कि वह हर मंगलवार को भारत माता की जय बोलने के साथ तिरंगे को सलामी देगा। उसे 21 बार ऐसा करना होगा।

फैजल ने कहा "मजाक हो रहा था, नशे में था। कुछ लोग वीडियो बना रहे थे। उन्होंने वीडियो वायरल कर दिया। मुझे नहीं मालूम था मेरे साथ ऐसा हो जाएगा। मैं अंगूठा छाप हूं। मैं पढ़ा लिखा नहीं हूं। पहली क्लास नहीं गया। आइंदा कभी मुझसे गलती नहीं होगी। पाकिस्तान और हिंदुस्तान का मैंने फैसला कर दिया था। मैं कानून का पालन करता हूं। देश का भी बहुत पालन करता हूं। ऐसी गलती किसी से भी नहीं हो। भाई लोग गलती करना भी नहीं है। मिसरोद थाने को हर मंगलवार को पहले महीने में आना है और झंडे के सामने सेल्यूट करना है मुझे और हर दूसरे मंगलवार को आना है। फैजल ने कहा "मैं हर मंगलवार आऊंगा 10:00 बजे को आऊंगा। 10 से 12 के बीच में आना है। मुझे बहुत अफसोस है। माफी चाहता हूं दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी। 

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस पर कहा कि यह उन लोगों के लिए हाई कोर्ट की नजीर के तौर पर है। इसे सबक के रूप में लीजिए पाठ के रूप में लीजिए। हिंदुस्तान में रहते हो तो हिंदुस्तान का गाओ, रहते यहां पर हो खाते हिंदुस्तान का हो और गाते पाकिस्तान का हो। यह निर्णय स्वागत योग्य है। कोर्ट ने अच्छी पहल की है। पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे अगर लगाओगे, भारत के विरोध में नारे लगाओगे तो यह ठीक नहीं है। आपके थाने जाना पड़ेगा राष्ट्र ध्वज को सलाम करना पड़ेगा, थाने में हाजिरी देनी पड़ेगी। 

BiharFinancenews

Oct 17 2024, 13:52

paring_to_attack
चीन ने ताइवान को चौतरफा घेरा, क्या अटैक की है तैयारी?

दुनिया युद्ध की चपेट में हैं। एक तरफ इजराइल-हमास के बीच जंग जारी है तो दूसरी तरफ रूस-यूक्रेन के बीच। मिडिल ईस्ट और यूक्रेन-रूस के बाद जंग का तीसरा फ्रंट खुल रहा है। इस युद्ध का सेंटर ताइवान होगा। चीन और ताइवान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। चीन लगातार ताइवान में घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। गुरुवार सुबह एक बार फिर चीन के 20 विमानों और आठ नौसैनिक जहाजों ने ताइवान में प्रवेश किया।

चीन ने ताइवान के पास ‘ज्वॉइंट स्वॉर्ड-2024 नाम से एक्सरसाइज’ की। कुल 9 जगहों पर चीन ने अपनी सेना तैनात की। इस मिलिट्री ड्रिल में चीन की नेवी और एयरफोर्स शामिल हुई। चीन के नेवी की जंगी वॉरशिप ‘लियाओनिंग’ भी इस युद्धाभ्यास में शामिल की गई। चीन की ज्यादातर कोशिश ताइवान के प्रमुख बंदरगाहों पर नाकाबंदी करने की थी। इस एक्सरसाइज के बाद चीन ने ताइवान को चारों तरफ से घेर लिया है। चीन इस मिलिट्री ड्रिल के बहाने ताइवान के आसपास बारूद बरसा रहा है। साथ ही तेजी के साथ ताइवान की सीमा के करीब आ रहा है। चीन के कई युद्धपोत और एयरक्राफ्ट कैरियर ताइवान को घेरे हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन के 153 एयरक्राफ्ट ताइवान के पास देखे गए। इसमें 111 एयरक्राफ्ट ने मीडियन लाइन को पार किया. मीडियन लाइन को चीन सीमा रेखा नहीं मानता है।

ताइवान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक चीन के लड़ाकू विमान, वॉरशिप और जहाज ताइवान की सीमा के करीब देखे गए। ताइवान ने भी चीन की हरकतों का माकूल जवाब दिया। चीन के खतरे को देखते हुए ताइवान ने अपने एयरफोर्स को रेडी-टू-अटैक मोड में रखा है और चीन को जवाबी हमले की चेतावनी भी दे दी है। ताइवान की सेना ने चीन के युद्धाभ्यास के बाद अपने ड्रोन और मिसाइलों तैनात कर दी हैं। ताइवान के ड्रोन और मिसाइलें समुद्री सीमा के पास चीन की सेना को करारा जवाब देने के लिए तैयार हैं। ताइवान स्ट्रेट में ताइवान के ड्रोन चीन की सेना के हर कदम पर बराबर निगाह रखे हुए हैं। इसके अलावा ताइवान ने अपने वॉरशिप, लड़ाकू विमान और एंटी-शिप मिलाइलें भी तैनात कर दी हैं।

ताइवान का क्‍या रहा है इत‍िहास ?
ली ने एक बयान में कहा, ‘यह उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो ताइवान की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं और हमारी राष्ट्रीय संप्रभुत्ता की रक्षा के लिए हमारे दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।’ इसके साथ ही चीन के ताइवान मामलों के कार्यालय ने सोमवार को घोषणा की कि वह ताइवान की स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के काम के लिए ताइवान के दो लोगों पूमा शेन और रॉबर्ट त्साओ पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के अंत में चीन के साथ एकीकृत होने से पहले ताइवान एक जापानी उपनिवेश था। 1949 में यह उससे अलग हो गया जब माओ त्से तुंग के कम्युनिस्टों के चीन में सत्ता में आने के बाद उनके विरोधी च्यांग काई-शेक के समर्थक भागकर ताइवान आ गए। 

BiharFinancenews

Oct 17 2024, 13:45

15000 फीट की ऊंचाई पर मुख्य चुनाव आयुक्त रात भर फंसे रहे, खाली घर का ताला तुड़वाया गया, लकड़ियां जलाकर बिताई रात





डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को गुरुवार सुबह रेस्क्यू करके मुनस्यारी तहसील मुख्यालय लाया गया। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। बुधवार को खराब मौसम के चलते उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने में परेशानी आ रही थी। इसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। रात भर वह रालम गांव में रुके। इस दौरान गांव के एक घर का ताला तोड़ा गया। घर का मालिक कहीं बाहर पलायन कर चुका है। इसी घर में लकड़ियां जलाकर राजीव कुमार और हेलीकॉप्टर में मौजूद अन्य लोग बैठे रहे।

सुबह तीन बजे पास के गांव से ग्रामीणों की टीम रालम पहुंची और सुबह चार बजे तक आईटीबीपी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। रालम गांव 15000 फीट की ऊंचाई पर है। इस वजह से रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। हालांकि, सुबह उसी हेलीकॉप्टर से मुख्य चुनाव आयुक्त सहित अन्य लोगों को मुन्सियारी लाया गया।

बुधवार दोपहर देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार के हेलीकॉप्टर की उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। खराब मौसम के चलते उनके हेलीकॉप्टर को मुनस्यारी के रालम में उतारा गया था। उनके साथ राज्य के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे भी मौजूद थे। यह हेलीकॉप्टर पिथौरागढ़ से मिलम की ओर जा रहा था। फिर मिलम से नंदा देवी बेस कैम्प ट्रैकिंग के लिए जाने का प्लान था। इस बीच खराब मौसम के कारण दोपहर 1 बजे यह घटना हुई। 

राजीव कुमार देश के 25वें मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। उन्होंने 15 मई 2022 को पदभार ग्रहण किया था और 18 फरवरी 2025 तक इस पद पर रहेंगे। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के अधिकारी राजीव कुमार ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में 36 साल तक काम किया। 

केंद्र के कई मंत्रालयों के अलावा उन्होंने अपने बिहार-झारखंड कैडर में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं। राजीव कुमार बीएससी के साथ एलएलबी, पीजीडीएम और लोक नीति से एमए भी किया है। कुमार के कार्यकाल में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव के अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव हुए।